अयोध्या। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अयोध्या जनपद के किसानों ने आंदोलन के छह माह पूरे होने पर बुधवार को काला दिवस मनाया। भाकियू के प्रदेश सचिव दिनेश दुबे के नेतृत्व में जरायल खुर्द, सीवन लोधपुरवा, सहित दर्जनों गांव में किसानों ने काला दिवस मनाया। इस दौरान किसानों के घरों से काला झंडा हटवाने पर किसान पुलिस से भिड़ गए। वहीं, गोसाईगंज में प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
भाकियू नेता के आवास पर किसानों के हाथों पर लगे काले बिल्लों को लेकर पुलिस व किसानों के बीच नोक झोंक हुई। पुलिस ने किसानों के घरों से काले झंडे को उतरवाना शुरू किया। इस पर किसान भिड़ गए तब पुलिस को पीछे हटना पड़ा। मौके पर एसडीएम विपिन सिंह, सीओ रुदौली राकेश श्रीवास्तव व थाना प्रभारी पटरंगा आरके राणा भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान भाकियू नेता ने पांच सूत्री मांग पत्र एसडीएम रुदौली को सौंपा।
मांग पत्र में तीनों कृषि अध्यादेश वापस लिए जाने, एमएसपी को गारंटी कानून बनाने व किसान आयोग का गठन करने समेत अन्य मांगे शामिल रही। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव, लक्ष्मीकांत तिवारी, श्याम नाथ, कमल कुमार समेत अन्य किसान मौजूद रहे। वहीं, गोसाईगंज में भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को यूनियन के कार्यकर्ता सर पर काली पट्टी बांधे व हाथों में काले झंडे लेकर सर्राफा मंडी के पास प्रदर्शन किया।
इस पर पुलिस ने धारा 144 के अंतर्गत उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में थाने से मुचलके पर रिहा कर दिया। प्रदर्शनकारियों में किसान यूनियन के ओम प्रकाश वर्मा, सर्वजीत वर्मा, राम नरेश यादव, गीता देवी आदि मौजूद रहे।