नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर बेटी के साथ जा रहे किसान को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें बेटी तो बाल-बाल बच गई लेकिन किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को सीएचसी पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पटरंगा थाना क्षेत्र के गनौली गांव निवासी किसान गौतम (30) पुत्र शिव बहादुर अपने गन्ने के खेत की सिंचाई कर रहा था। बुधवार दोपहर सिंचाई के बाद वह अपनी बेटी के साथ घर वापस जा रहा था।
सड़क पार करते समय फैजाबाद की तरफ से आ रहे ट्रक ने किसान को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी बेटी रेनू (15) तो बाल-बाल बच गई पर किसान की मौके पर ही मौत हो गई। आनन फानन में उसे सीएचसी खैरनपुर लाया गया।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी ने बताया कि पापा सड़क पार कर रहे थे तभी ट्रक ने टक्कर मार दी और वह गिर गए। घटना की जानकारी होते ही गांव में कोहराम मच गया।
पिता शिव बहादुर अपने पुत्र की असामयिक मृत्यु को सहन नही कर पा रहे थे और बार-बार बेहोश हो जा रहे है। गांव के देशराज ने बताया कि मृतक किसान गौतम ही पूरे परिवार का खेती के सहारे पालन कर रहा था। कोतवाली प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। टक्कर मारने वाली ट्रक का पता नहीं चल सका है।