कृषि विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल हुए कृषि मंत्री।
- फोटो : FAIZABAD
कुमारगंज। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि अगले वर्ष से किसानों को सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराएं जाएं, जिससे किसान सब्जी की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा सकें। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पहुंचे कृषि मंत्री ने कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह से कहा कि अगले वर्ष से नई विकसित अधिक उपजाऊ वाली सब्जियों की प्रजातियां वाले पौधे किसानों को दिए जाएं।
बुधवार दोपहर विश्वविद्यालय पहुंचे कृषि मंत्री ने आचार्य नरेंद्र जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शस्य विज्ञान प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रक्षेत्र पर न्यू हालैंड ट्रैक्टर एवं एक्सेसरीज का लोकार्पण किया। पराली प्रबंधन का प्रदर्शन देखा।
मंडी परिषद द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास के भवन का निरीक्षण भी किया। कृषि मंत्री ने मुख्य परिसर में विकसित किए गए और अप्रयुक्त भूमि पर गेहूं एवं जौ अनुसंधान प्रक्षेत्र का लोकार्पण किया। साथ ही सुधार लाने के लिए सुझाव दिए।
कृषि शिक्षा दिवस पर विश्वविद्यालय के एग्रीबिजनेस ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए। कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जीवन वृत्त पर संक्षिप्त व्याख्यान एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला।