अयोध्या। जिले की स्वॉट टीम व थाना पूराकलंदर पुलिस ने क्षेत्र के सनेथू गांव में नकली सीमेंट बनाने वाले एक गिरोह का रविवार को खुलासा किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई यश कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड हरियाणा के एक अधिकारी की सूचना पर की।
मौके से विभिन्न कंपनियों की नकली सीमेंट की 282 खाली बोरियां व करीब 200 बोरी नकली सीमेंट बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जबकि एक भागने में कामयाब रहा।
अयोध्या में एक प्रतिष्ठित कंपनी की नकली सीमेंट बेचे जाने की सूचना निजी कंपनी के आईआईआरआई नीरज मिश्र ने एसएसपी मुनिराज जी को दी। एसएसपी के निर्देश पर स्वॉट टीम प्रभारी मो. अरशद व थाना पूराकलंदर प्रभारी केके मिश्र की टीम ने उक्त गोदाम पर कार्रवाई की। मौके से पुलिस ने गोदाम के मालिक राम अनुग्रह सिंह निवासी सनेथू को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी शैलेंद्र सिंह मौके से भाग गया।
थाना प्रभारी केके मिश्र ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट व ट्रेडमार्क एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जमी सीमेंट व राख को मिलाकर बनाते थे नकली सीमेंट
आईआईआरआई नीरज मिश्र के अनुसार आरोपी नकली सीमेंट बनाने के लिए जमी हुई सीमेंट व राख का इस्तेमाल करते थे। जमी हुई सीमेंट को वह पीसकर उसका चूरा बनाते थे। बाद में उसे छान लेते थे।
इसके बाद उसमें लोकल सीमेंट व राख मिलाते थे। फिर उसे नकली बोरियों में भरकर फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाते थे। बताया कि एक कंपनी जिसका फुटकर मूल्य वर्तमान में 410 रुपये प्रति बोरी है, आरोपी उक्त ब्रांड की नकली सीमेंट महज 180 रुपये में बेचते थे।