रमजान के मद्देनजर फैजाबाद और अयोध्या विद्युत कटौती मुक्त हो गया है। इसके साथ विद्युत आपूर्ति को अबाध रूप से जारी रखने के मद्देनजर विकास भवन में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसमें जेई के साथ पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी पावर कॉर्पोंरेशन ने लगा दी है।
प्रदेश के वनराज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद प्रमुख सचिव ऊर्जा से बात की और 24 घंटे दोनों शहर को कटौती से मुक्त कराया। बताया कि आठ मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं।
सभी उपकेंद्र पर एसडीओ की ड्यूटी लगा दी गई है। पूरे एक माह तक जुड़वा शहर में अनवरत 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। डीएम और सीडीओ के निर्देश पर शहर में अबाध विद्युत आपूर्ति के लिए विकास भवन के प्रथम तल पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
नियंत्रण कक्ष में तीन शिफ्टों में जेई के साथ दो अन्य कर्मियों की तैनाती की गई है। सुबह सात से तीन बजे, तीन से 11 बजे और 11 से सात बजे तक शिफ्टें बनाई गई हैं। कहा गया है कि शिकायतों का निस्तारण किया जाए।