आरोपी ने फेसबुक पर पिस्टल जेब में रखकर एक फोटो अपलोड की।
- फोटो : FAIZABAD
हनुमतनगर। रंजिश में हुए गोलीकांड के एक आरोपी ने पिस्टल लगाकर फेसबुक पर फोटो अपलोड की और पीड़ित पक्ष को धमकाते हुए लिखा कि सुलह कर लो नहीं तो परिवार को गोली मार दूंगा। मामले में पुलिस ने घायल के चचेेरे भाई अमित सिंह की तहरीर पर शुक्रवार देर रात मयंक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
31 दिसंबर को नरियावां गांव निवासी शशांक सिंह उर्फ आशुतोष पुत्र सूर्यसेन सिंह पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागी गईं थीं।
मामले में पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान भीम सिंह, उनके पुत्र मयंक सिंह, अतुल सिंह व शिवपूजन विश्वकर्मा सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया था। गंभीर रूप से घायल शशांक का अभी भी लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
वहीं, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी मयंक सिंह ने फेसबुक पर पिस्टल लगाकर अपनी फोटो अपलोड की और कहा कि अगर मामले में सुलह नहीं हुई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। मामले में घायल युवक के चचेरे भाई अमित सिंह ने पूराकलंदर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
इस पर पुलिस ने मयंक सिंह के विरुद्ध आईपीसी तथा आईटी एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष मारकंडेय सिंह ने बताया कि घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों में मयंक सिंह व अतुल सिंह ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जबकि भीमसेन सिंह व शिवपूजन की तलाश में दबिश दी जा रही है।