फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दीपोत्सव में जनभागीदारी को लेकर कवायद तेज

विज्ञापन
राम कथा पार्क का निरीक्षण करते मंडलायुक्त मनोज मिश्रा व डीएम अनुज कुमार। - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन
अयोध्या। इस वर्ष दीपोत्सव में जन भागीदारी को लेकर भी कवायद तेज हो गई है। लंका विजय के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में पूरी शहर को सजाने-संवारने व रोशन करने की योजना है ताकि त्रेतायुग का दृश्य जीवंत हो उठे।
विज्ञापन

शनिवार को नगर विधायक वेद गुप्ता ने जिला प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर दीपोत्सव में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
बैठक में तय किया गया कि नगर के कई सार्वजनिक स्थलों पर दीपदान का कार्यक्रम होगा। घर-घर तो दीप जलेंगे ही इसके अतिरिक्त मठ-मंदिरों से लेकर चौक-चौराहों को भी रोशन किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी अनुज झा ने कहा कि अयोध्या की संस्कृति के अनुसार भगवान राम के अयोध्या आगमन को उल्लासपूर्ण ढंग से मनाया जाता है।
विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ आम जनता इस महोत्सव से जुड़े इसका प्रयास किया जा रहा है। नगर विधायक वेद गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दीपोत्सव में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है।
विज्ञापन

यह उत्सव केवल सरकारी न रह जाए बल्कि रामनगरी के जन-जन का महोत्सव बने। इसके लिए रोटरी क्लब, मारवाड़ी समाज, सिख समाज, अग्रवाल सभा, इनरव्हील क्लब, व्यापार मंडल सहित अन्य संगठनों के साथ बैठकर इस उत्सव को बृहद रूप देने पर मंथन किया गया।
यह उत्सव अबकी बार केवल राम की पैड़ी व रामकथा पार्क तक ही नहीं बल्कि संपूर्ण नगरी तक भव्यता का पर्याय होगा। नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौक, चौराहों से लेकर पार्कों तक को सजाने की जिम्मेदारी सामाजिक संगठनों ने ली है जो कि उत्साहजनक है।
एलईडी वैन से दीपोत्सव का सीधा प्रसारण व राम के अयोध्या आगमन को लेकर एक विशेष तरह का गीत बजाए जाने की भी योजना है। बैठक में एडीएम सिटी वैभव मिश्र, व्यापारी नेता चंद्रप्रकाश गुप्ता, श्रीनिवास अग्रवाल, अरविंद सिंहल, आशीष अग्रवाल, सजन अग्रवाल, जसबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे।
दीपोत्सव में गरीब व दलित बस्तियां भी होंगी जगमग
इस वर्ष दीपोत्सव को जहां व्यापक रूप देने की तैयारी है तो वहीं दूसरी तरफ इस महा उत्सव में हर वर्ग को जोड़ने की भी योजना है। नगर विधायक वेद गुप्ता ने बताया कि दीपोत्सव में गरीब व दलित बस्तियां भी रोशनी से जगमगाएंगी। इसके लिए दलित बस्तियों की सूची तैयार की जा रही है। इन बस्तियों को रोशन करने के साथ-साथ यहां रह रहे लोगों को त्योहार में उपहार भी दिए जाएंगे।
संत-धर्माचार्य भी निभाएंगे दीपोत्सव में अहम भूमिका
नगर विधायक वेद गुप्ता ने बताया कि रामनगरी के 10 हजार मंदिरों को दीपोत्सव में रोशन करने की हमारी पूरी तैयारी है। इसके लिए रामनगरी के संत-धर्माचार्यों से अपील की जाएगी कि वे अपने-अपने मठ-मंदिरों में दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने बताया कि 15 अक्तूबर को तुलसी स्मारक भवन में रामनगरी के सांस्कृतिक संगठनों एवं संत-धर्माचार्यों के साथ बैठक कर अयोध्या को भव्यतम रूप प्रदान करने पर मंथन किया जाएगा। संत-धर्माचार्य अपने आराध्य के इस उत्सव को ऐतिहासिक बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
राम की पैड़ी पर जलेंगे दीप, सरयू तट पर होगी आतिशबाजी
मंडलायुक्त मनोज मिश्र व जिलाधिकारी अनुज झा सहित अन्य अधिकारियों ने शनिवार की देर शाम दीपोत्सव स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति जानी। कमिश्नर मनोज मिश्र ने दावा किया कि दीपोत्सव के सभी कार्य 20 अक्तूबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएंगे। राम की पैड़ी पर जहां दीपोत्सव का कार्यक्रम होगा। वहीं सरयू नदी के दूसरे छोर पर भव्य आतिशबाजी दीपोत्सव की रौनक बढ़ाती नजर आएगी। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन भजन संध्या स्थल का काम भी दीपोत्सव तक पूरा हो जाएगा। सीएम योगी भजन संध्या स्थल का दीपोत्सव में लोकार्पण करेंगें।
नयाघाट बस अड्डे में बनेगा मीडिया सेंटर
दीपोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी तैयारी है। जिला सूचना अधिकारी मुरलीधर ने बताया कि नयाघाट स्थित बस स्टेशन परिसर में अस्थायी मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है जो सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। कंम्प्यूटर, लैपटॉप, इंटरनेट सहित सभी सुविधाएं मीडियाकर्मियों को मुहैय्या कराई जाएंगी। यह सेंटर 24 अक्तूबर से प्रारंभ हो जाएगा ताकि दीपोत्सव को पूरी दुनिया देख सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें