विद्याज्ञान की परीक्षा देते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : FAIZABAD
बीकापुर। भारती इंटर कॉलेज में विद्या ज्ञान परीक्षा दो पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा में बीकापुर, तारुन, हैरिंग्टनगंज तथा मिल्कीपुर विकास खंड क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। परीक्षा में पांचवीं कक्षा के परिषदीय स्कूलों के तथा अन्य मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के बच्चे शामिल हुए।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक हुई। प्रथम पाली में 502 छात्राएं पंजीकृत थीं। जिसमें 298 उपस्थित रहीं तथा 204 अनुपस्थित रहीं।
जबकि द्वितीय पाली में पजीकृत 433 में से 289 उपस्थित रहे। पर्यवेक्षक के रूप में विद्याज्ञान संस्थान के अध्यापक अमिताभ मौजूद रहे। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत मौर्य, कमला प्रसाद प्रजापति सहित अध्यापकों की टीम निगरानी करती रही।
कुछ बालिकाओं को विद्यालय की लापरवाही के कारण बालकों का प्रवेश पत्र मिल गया था। जिसके कारण वह द्वितीय पाली में परीक्षा देने पहुंची, लेकिन नियम विरुद्ध होने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सकी। प्रधानाचार्य डॉ राम सुरेश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी की निगरानी में कुल 14 कमरों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।