कुमारगंज। कोचिंग पढ़ने जा रही इंटर की छात्रा से युवक ने छींटाकशी करते हुए साइकिल रोकने का प्रयास किया। विफल होने पर मनचले ने छात्रा की साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे छात्रा गिर गई। इस दौरान उसे हाथ में काफी चोट आ गई। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कुमारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली इंटर की छात्रा सोमवार शाम कोचिंग पढ़ने जा रही थी। रास्ते में मक्खू का पुरवा गांव के दूसरे समुदाय के एक युवक ने छात्रा पर छींटाकशी शुरू कर दी।
उसने अपनी मोटरसाइकिल छात्रा की साइकिल में लड़ा दी, जिससे छात्रा गिर गई तथा छात्रा के हाथ में चोट लग गई। छात्रा ने इसका विरोध किया तो वह छींटाकशी करने लगा। छात्रा ने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर छींटाकशी करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट में यदि छात्रा के हाथ में फ्रैक्चर आता है तो धाराएं बढ़ाई जाएंगी।