अयोध्या। जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति चुनाव के लिए शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। अयोध्या और अंबेडकरनगर की कुल 109 समितियां चुनाव के लिए अर्ह पाई गई हैं। प्रबंध समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन रविवार को होगा।
डीसीबी प्रबंध समिति के 14 पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 15 जून को मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाशन के साथ शुरू हुई। शुक्रवार को इस पर आपत्तियां ली गईं। कुल पांच आपत्तियां आई थीं। निर्वाचन अधिकारी व डिप्टी कलेक्टर अनुराग प्रसाद ने आपत्तियों की सुनवाई की। उन्होंने बताया कि एक आपत्ति निराधार पाई गई। दो आपत्तियां वृत्तिक सदस्य समिति से चुनाव के लिए न भेजे जाने के मामले में लाॅटरी के जरिए भेजे गए छह में एक सदस्य को बाहर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि डीसीबी प्रबंध समिति चुनाव के लिए कुल 109 सहकारी समितियां अर्ह पाई गई है। कुल 14 प्रबंध समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए 559 मतदाताओं की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। सहायक निबंधक सहकारिता अभय सिंह ने बताया कि प्रबंध समिति सदस्य पद के लिए नामांकन 10 बजे से चार बजे तक होगा।
यह है निर्वाचन क्षेत्र
डीसीबी प्रबंध समिति चुनाव के लिए कुल 12 निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं। वृत्तिक क्षेत्र से होने वाले निर्वाचन क्षेत्र से तीन प्रत्याशी चुने जाएंगे। अन्य 11 निर्वाचन क्षेत्र से एक-एक सदस्य चुना जाएगा। निर्वाचन क्षेत्रों में अकबरपुर, जलालपुर, टांडा, तारून, पूराबाजार, प्रथम, पूराबाजार द्वितीय, बसखारी, बीकापुर, मसौधा, मिल्कीपुर, राम नगर और वृत्तिक हैं।