अयोध्या। केंद्र सरकार की 8 सिटी चैलेंज योजना में अयोध्या को शामिल किया गया है। उत्तरप्रदेश सरकार इस एट सिटी चैलेंज प्रतियोगिता में अयोध्या की ग्रीनफील्ड टाउनशिप योजना को लेकर शामिल होगी। अगर अयोध्या प्रतियोगिता में विजयी होती है तो इस योजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा एक हजार करोड़ का अनुदान भी मिलेगा।
अयोध्या में तीन गांवों की 1450 एकड़ जमीन पर ग्रीन फील्ड टाउनशिप योजना आकार लेगी। इसे वैदिक सिटी के रूप में बसाया जाएगा। वैदिक सिटी के केंद्र में ब्रह्मस्थान होगा जहां से राममंदिर का शिखर दिखेगा। वैदिक सिटी के रूप में टाउनशिप को विकसित करने के लिए धार्मिक ग्रंथों की भी मदद ली जा रही है।
रामायण सहित अन्य ग्रंथों में त्रेतायुग की अयोध्या कैसी थी इसका अध्ययन करने में आवास विभाग के इंजीनियरों की टीम जुटी है। वैदिक सिटी में पौराणिक वृक्ष भी रोपित किए जाएंगे। वैदिक सिटी को गुजरात के गिफ्ट सिटी की भी तर्ज पर बसाने की तैयारी है। इसी को लेकर इंजीनियरों की टीम मंडलायुक्त गौरव दयाल के नेतृत्व में अहमदाबाद होकर लौटी है।
आवास विकास विभाग अयोध्या के अभियंता ओपी पांडेय ने बताया कि गिफ्ट सिटी की कई विशेषताएं हैं उनमें से कुछ की सूची हमने तैैयार की है जिसे आवासीय योजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होेंने बताया कि 8 सिटी चैलेंज योजना में शामिल होने के लिए आठ शहरों को अपनी-अपनी योजना का प्रस्ताव केंद्र सरकार के शहरी एवं आवास विकास विभाग को भेजना होगा। पुरस्कृत योजना के विकास के लिए केंद्र सरकार एक हजार करोड़ का फंड भी देगी, शेेष जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार को देना होगा।
- आवास विकास विभाग अयोध्या के अभियंता ओपी पांडेय ने बताया कि 8 सिटी चैलेंज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रामनगरी की आवासीय योजना के ले-आउट में 150 बिंदु और जोड़े जा रहे हैं। इसका संशोधित ले-आउट गुजरात के वास्तुविद तैयार कर रहे हैं। रामायण काल की झलक दिखे इस तरह के कुछ निर्माण भी प्रस्तावित किए जा रहे हैं।