अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि ने अपने नए शैक्षिक सत्र का कैलेंडर जारी कर दिया है। नए शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार एक दिसंबर से कक्षाएं चलेंगी और परीक्षाएं 25 अप्रैल से शुरू हो जाएंगी।
इसको लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश है। विद्यार्थियों का कहना है कि महज 145 दिन में कक्षाएं चलने से किसी भी दशा में कोर्स पूरा करना असंभव है। इसकी भरपाई विद्यार्थियों को ही करनी पड़ेगी। विद्यार्थियों ने मांग की है कि सेलेबस कम किया जाए या फिर कोर्स पूरा कराकर ही परीक्षाएं कराईं जाएं।
अवध विवि ने मंगलवार को अपना वर्ष 2020-21 का नया संशोधित शैक्षिक कैलेंडर जारी किया। इसको लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश है। विवि के आवासीय परिसर के बीसीए छात्र शिवांश ओझा ने बताया कि विवि प्रशासन को चाहिए कि अगर कोर्स पूरा करने का समय नहीं है तो सेलेबस कम कर दे। उनका कहना है कि अगर यह नहीं हो सकता है तो परीक्षाएं कोर्स पूरा होने के बाद ही कराई जाएं।
साकेत महाविद्यालय के बीएससी के छात्र उत्सव त्रिपाठी का कहना है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों की कक्षाएं न चलाना बहुत ही दुखद है। कोर्स न पूरा होने का खामियाजा उन्हीं छात्रों को भुगतना पड़ेगा जो प्राइवेट कोचिंग नहीं कर पा रहे हैं। विवि प्रशासन कोर्स पूरा कराने के बाद ही परीक्षाएं कराएं।
साकेत महाविद्यालय के छात्र विकास वर्मा का कहना है कि छात्र अभी तक कोरोना महामारी से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। अब नया शैक्षिक सत्र एक नई चुनौती के रूप में सामने आ गया है। अभी कुछ दिन पूर्व ही पेपर खत्म हुए हैं अब आधे सत्र बाद ही नए वर्ष की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। तैयारी पूरी होना संभव नहीं है।
छात्र नेता अंकुर सिंह बताते हैं कि विवि अनुदान आयोग की अनदेखी करके मनमानी कर रहा है। यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसके लिए जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। साकेत महाविद्यालय की छात्र नेता मीनाक्षी उपाध्याय बताती हैं कि हमें प्रसन्नता है कि काफी समय बाद विवि का शैक्षिक सत्र प्रारंभ होने जा रहा है परंतु विवि शैक्षिक सत्रों को कम कर दिया जाना छात्रों के लिए बड़ी समस्या है। इसलिए सत्र में सेलेबस भी कम किया जाए।
हर हाल में कोर्स होंगे पूरे
विवि के मीडिया प्रभारी विजेंयदु चतुर्वेदी बताते हैं कि जो शैक्षिक कैलेंडर जारी किया गया है उनमें शैक्षिक सत्र 145 दिन चलना है लेकिन ऑनलाइन कक्षाएं जारी हैं। द्वितीय व तृतीय वर्ष की ऑनलाइन कक्षाएं पिछले अगस्त से ही चल रही हैं। एक नवंबर से प्रथम वर्ष की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। वह बताते हैं कि सभी विद्यार्थियों को स्टडी मेटेरियल भी भेजा जा चुका है। पढ़ाई चल रही है। यूजीसी का मानक है कि 180 दिन कक्षाएं चलनी चाहिए। यदि ऑनलाइन कक्षाओं को जोड़ दिया जाएगा तो यह मानक पूरा हो जाएगा।