अयोध्या। जिले के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा तीन से आठ तक के छात्र-छात्राओं की लर्निंग आउटकम्स का विषयवार उपलब्धि स्तर जानने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर जिले के 2108 स्कूलों में बुधवार को द्वितीय चरण की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दो घंटे की अवधि की आयोजित इस परीक्षा के सकुशल निर्देशन के लिए तहसीलवार पांच सचल दलों ने निरीक्षण किया।
जिले में 1532 प्राथमिक विद्यालय, 566 जूनियर हाईस्कूल एवं दस कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इन स्कूलों में कक्षा तीन से आठ तक 1,34,412 छात्र-छात्राएं वर्तमान सत्र में पंजीकृत हैं। इनके लर्निंग आउटकम्स के आंकलन एवं लर्निंग आउटकम में वृद्धि करने के लिए बुधवार को जिले के सभी परिषदीय स्कूलों एवं केजीबीवी में प्रात: 10:30 बजे से 12:30 बजे तक द्वितीय चरण की परीक्षा कराई गई।
पहले चरण की परीक्षा कक्षा पांच से आठ तक के बच्चों की बीते आठ नवंबर को संपन्न हो चुकी है। प्रत्येक स्कूलों में 2104 पर्यवेक्षकों की तैनाती की थी। जिनकी निगरानी में प्रश्रपत्र खोले गए एवं उत्तर पुस्तिकाएं जमा की गई। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर पांच सचल दल का गठन किया गया था। जिसने अलग-अलग तहसील क्षेत्र के स्कूलों में जाकर सघन निरीक्षण किया एवं अनेक दिशा-निर्देश दिए।
डायट प्राचार्य संध्या श्रीवास्तव को तहसील सदर की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्होंने तहसील क्षेत्र के सात स्कूलों का निरीक्षण किया। अन्य दलों में जिला विद्यालय निरीक्षक आरबी सिंह चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके देव पांडेय, उप निरीक्षक संस्कृत पाठशालाएं मनीषा ओझा एवं वित्त एवं लेखाधिकारी आनंद कमार सिंह की टीम ने संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
डायट प्राचार्य संध्या श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे जिले में परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई है। डीएलएड के प्रशिक्षु उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को प्रत्येक दशा में 25 फरवरी तक मूल्यांकन कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा समाप्ति के बाद सील बंद पैकेट में उत्तर पुस्तिकाओं को संकलित कर सुरक्षित एवं गोपनीय ढंग से बीआरसी पर पहुंचाने की जिम्मेदारी पर्यवेक्षक को सौंपी गई थी।
सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार, शिक्षा क्षेत्र सोहावल के 189 विद्यालयों में परीक्षा आयोजित की गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडे ने अरकुना प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। बीईओ सियाराम वर्मा ने बताया कि परीक्षा में 11800 बच्चों ने प्रतिभाग किया। दोनों प्रारूपों को जोड़कर लगभग 800 बच्चे गैर हाजिर रहे।
कुचेरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार वित्त एवं लेखाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां नामांकित 100 छात्राओं के सापेक्ष शत प्रतिशत उपस्थिति मिली। इसके उपरांत वे प्राथमिक विद्यालय कहुआ व टिकरा पहुंचे। इंग्लिश मीडियम से संचालित प्राथमिक विद्यालय टिकरा में नामांकित 155 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष शत-प्रतिशत बच्चे मौजूद रहे।