फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवध विवि की मुख्य परीक्षाएं आज से, सामूहिक नकल में नपेंगे केंद्राध्यक्ष

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध आठ जिलों के 670 महाविद्यालयों की मुख्य परीक्षाएं शनिवार से शुरू होंगी। इसकी तैयारियां विवि प्रशासन ने पूरी कर ली हैं। दो पालियों में 432 केंद्रों पर 4 लाख 89 हजार 88 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।
विज्ञापन

नकल रोकने के लिए ऑडियोयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के साथ इसे 24 घंटे ऑनलाइन रखने के निर्देश दिए गए हैं। कैमरे की रिकॉर्डिंग को दो माह तक सुरक्षित रखना होगा। इसके अलावा रक्षक ऐप से भी परीक्षा की निगरानी व सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा।
अनुपस्थित परीक्षार्थियों का ब्योरा परीक्षा समाप्त होते ही ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। सामूहिक नकल होने पर सीधे केंद्राध्यक्षों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। छात्राओं की चेकिंग के लिए पहली बार महिला उड़ाका दल का अलग से गठन किया गया है।
विज्ञापन

अवध विवि प्रशासन ने नकलविहीन व शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए तमाम इंतजाम किए हैं। केंद्रों पर 10 सचल दल का गठन किया है। सचल दल पर पैनी निगाह रखने के लिए उनके नंबर की जियो टैंगिंग की गई है। इनके वाहन जीपीएस सिस्टम से लैस किए गए हैं।
पहली बार महिला सचल दल का गठन किया गया है। सचल दल परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण कर विश्वविद्यालय को परीक्षा के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इस बार की परीक्षा में 432 परीक्षा केंद्र की उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए 18 नोडल केंद्र बनाये गये हैं।
विवि प्रशासन का निर्देश है कि परीक्षा के दिन ही उत्तर पुस्तिकाओं का संकलन नोडल केंद्रों पर प्रत्येक दशा में हो जाए। इसके साथ ही मौजूदा समय में सभी महाविद्यालयों को उत्तर पुस्तिकाओं का आवंटन हो चुका है। महाविद्यालयों को निर्देश है कि उत्तरपुस्तिकाएं एक लाइन से विद्यार्थियों को अंकित किए जाएं।
संवेदनशील केंद्रों पर पर्यवेक्षक की तैनाती
अवध विवि की मुख्य परीक्षा में नकल पर लगाम लगाने के लिए पूर्व में नकल में आरोपित लगभग एक दर्जन से अधिक संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। पर्यवेक्षकों व केंद्राध्यक्षों को निर्देश है कि शुक्रवार शाम से ही परीक्षा की कमान संभाल लें। महाविद्यालय कैंपस में प्रबंधक या अन्य किसी प्रकार के अराजक तत्वों पर रोक लग गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से जुड़े शिक्षकों एवं केंद्राध्यक्षों को बिना मोबाइल के ड्यूटी करनी है। विवि प्रशासन का निर्देश है कि मोबाइल एक निर्धारित स्थान पर जमा करने होंगे एवं परिसर में मोबाइल का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
महाविद्यालय लें स्थानीय प्रशासन से मदद
विवि प्रशासन ने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर महाविद्यालयों की सुरक्षा व पुलिस बल उपलब्ध कराने की बात कही है। विवि प्रशासन ने महाविद्यालयों को निर्देश जारी किया है कि परीक्षा केंद्राध्यक्ष अपने-अपने संबंधित थाने पर संपर्क कर सुरक्षा की सुविधा मुहैया करा लें। इसके अलावा किसी प्रकार की कोई दिक्कत आने पर विश्वविद्यालय प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर व पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर सक्रिय कर दिये गये हैं।
अवध विवि की मुख्य परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो रही हैं। आठ जनपदों में 432 परीक्षा केंद्रों पर 4.89 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन व शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश महाविद्यालयों को दिए गए हैं। विवि प्रशासन की ओर नकल रोकने के समुचित उपाय किए गए हैं।
विज्ञापन

उमानाथ, परीक्षा नियंत्रक, अवध विवि,अयोध्या
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें