अयोध्या। जनवादी ई रिक्शा यूनियन व जनौस के सयुंक्त तत्वाधान में रिक्शा चालकों के उत्पीड़न बंद करने के विरोध में करीब तीन सौ ई रिक्शा चालकों ने हल्ला बोल मार्च का आयोजन कर अवैध वसूली बंद किए जाने की मांग की है।
रिक्शा चालकों का आरोप है कि आए दिन स्टैंडों के अलावा अन्य स्थानों पर अवैध वसूली की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों को कई बार पत्र लिखा गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
सुबह 11 बजे फैजाबाद के गुलाबबाड़ी मैदान से अपने ई-रिक्शा के साथ सभी चालकों ने कतारबद्ध होकर विरोध मार्च निकाला। विरोध मार्च रीडगंज, चौक, रिकाबगंज होते हुए गांधी पार्क पहुंचा और सभा में तब्दील हो गया।
सभा की अध्यक्षता कामरेड आशा तिवारी व संचालन शेर बहादुर शेर ने किया। सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के संरक्षक कामरेड सत्यभान सिंह जनवादी ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
अपराध में बेतहाशा वृद्धि हो रही है बच्चियों के साथ यौन हिंसा हो रही है। देश मे माब्लिंचिंग हो रही है।सरकार पूरी तरह से फेल है।
यूनियन के जिला संयोजक कामरेड इकवाल खन्ना ने कहा कि आज हमारे जिले में रिक्शा चालकों के उत्पीड़न हो रहा है। अवैध वसूली की जा रही है नाजायज तरीके से चालान काटा जा रहा है,स्टैंड भी नही है।
जिला प्रशासन हम लोगों को स्टैंड दे, अगर हमारी मांगे 15 दिन के अंदर पूरी नहीं हुई तो फिर हम बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान यूनियन के यूनियन के संयोजक कामरेड इकवाल खन्ना,धीरज द्विवेदी,कामरेड शेर बहादुर शेर, संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।