अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष व मणिरामदास की छावनी के श्रीमहंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में बुधवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे। उन्होंने महंत नृत्यगोपाल दास का आर्शीवाद लिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्व का सबसे बेहतर शहर बनाने के लिए काम हो रहा है। रामनगरी का चतुर्दिक विकास गतिमान है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के निर्देशन व सीएम योगी के नेतृत्व में अयोध्या अद्भुत और अलौकिक बन रही है। दुनिया के नक्शे पर सबसे चमकती हुई नगरी बनने की ओर अग्रसर है। कहा कि राममंदिर निर्माण की सनातन धर्म की सदियों पुरानी इच्छा पूरी हो रही है। मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में भी नई पहचान बनाने को आतुर दिख रही है। मणिरामदास की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने डिप्टी सीएम का अभिनंदन किया। इससे बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी हनुमंतलला के दरबार में भी हाजिरी लगाई। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने इस दौरान श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन किया। इस अवसर पर महंत रामशरण दास, महंत डॉ.रामानंद दास, महंत महेंद्र दास, विहिप के शरद शर्मा, आनंद शास्त्री सहित अन्य मौजूद रहे।
सनबीम कांड को सरकार ने गंभीरता से लिया
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बुधवार को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का निरीक्षण किया। बिंदुवार, विभागवार समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में की जाएगी। सनबीम कांड को लेकर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है, सरकार ने इस मामले को गंभीरता के साथ लिया है।
ट्रस्टियों ने दी जन्मोत्सव की बधाई
- श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने भी बुधवार को महंत नृत्यगोपाल दास को जन्मोत्सव की बधाई दी। मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र, जगद्गुरू वासुदेवानंद सरस्वती, जगद्गुरू विश्वेश तीर्थ, कामेश्वर चौपाल आदि ने महंत नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लिया।
...............................................
अमृत सरोवर सूखा देख डिप्टी सीएम नाराज
पूराबाजार, अयोध्या। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पूरा बाजार सीएचसी पर पहुंचकर मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। सीएचसी पूरा बाजार को विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने गोद ले रखा है। सीएचसी में बने ऑक्सीजन प्लांट एवं पीआईयूसी व एचडीयू वार्ड, प्रसव कक्ष, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। सीएचसी पूरा में बुखार के मरीज के पास कंबल ना देखकर डिप्टी सीएम ने स्टाफ को फटकार लगाई। इसके बाद डिप्टी सीएम ने सरायराशी में बने अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। कहा कि प्रत्येक गांव में अमृत सरोवर और बनाकर जल को सृजित किया जाएगा। अमृत सरोवर सूखा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद सरायराशी में बने पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री के साथ विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व सीएमओ डॉ.अजय राजा व पूरा बाजार के अधीक्षक डॉ.अमित बर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ,ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह, स्वाति सिंह, भाजपा नेता अविचल सिंह मौजूद रहे।..................................................
गोशाला में अव्यवस्था से नाराज दिखे
मया बाजार, अयोध्या। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को विकासखंड मया बाजार के रजपलिया गांव स्थित गोवंश आश्रय स्थल (गौशाला) पहुंचे। अव्यवस्था से नाराज दिखे डिप्टी सीएम ने डीसी मनरेगा सविता सिंह से जवाब तलब किया। गो-पूजन के लिए पहुंचे डिप्टी सीएम बांस में बंधी गौमाता को देखते ही विफर पड़े। उन्होंने स्वयं गौ माता को बाहर निकाल कर अपने हाथों से गुड़, केला खिलाया। तत्पश्चात वहां से वापस पूरा बाजार के लिए रवाना हो गए। पंजीकृत 46 गोवंशो वाले आश्रय स्थल पर निरीक्षण के पूर्व तैयारियां होती रहीं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर विशाल कुमार ,नायब तहसीलदार गौरी शंकर वर्मा, खंड विकास अधिकारी मनीष मौर्य ,एडीओ पंचायत संतोष तिवारी, सचिव संतोष मौर्या, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश पटेल आदि मौजूद रहे।