रामपथ पर शुक्रवार को जारी निर्माण कार्य।-संवाद
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि को जोड़ने वाले सबसे प्रमुख रामपथ का डक्ट हर हाल में 30 जून तक तैयार होगा। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद अफसरों ने इसका रिव्यू करके फिलहाल इसकी डेडलाइन तय कर दी है। मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद कई अन्य विभागों में हलचल है। सरकार या शासन के मुखिया के अगले दौरे के पहले इसे तैयार करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में कई विभागों की परियोजनाओं को लेकर सवाल-जवाब हुए। किरकिरी की नौबत बनी। सीएम के जाने के बाद तकनीकी बिदुंओं के साथ परियोजनाओं को लेकर चर्चा हुई। वरिष्ठ अफसरों ने परियोजना और कार्यों की गति का नए सिरे से रिव्यू किया। अफसरों के निरीक्षण में काम में कुछ तेजी देखी गई। खासतौर से रामपथ को लेकर अफसरों की नजर पैनी हो गई है। परियोजना पर काम करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ गति तेज करने का प्रयास फिर शुरू हो गया है।
रामपथ के सबसे अहम डक्ट (नाली) को हर हाल में 30 जून तक तैयार किया जाएगा। मंडलायुक्त गौरव दयाल की ओर से इसका निर्देश दिया गया है। डक्ट रामपथ का अहम कार्य है। इसे स्किल्ड लेबर ही तैयार कर सकता है। बगैर इसके तैयार किए बिजली या दूसरी लाइने अंडरग्राउंड नहीं हो सकती है। सीवर लाइन और स्टार्म वाटर पाइप भी इसके साथ पड़ जाएगी। ऐसे में अंडरग्राउंड कार्य पूरे होने से सड़क निर्माण आसान होने की संभावना है। काम दिखने लगेगा। लोगों को हो रही असुविधा में कमी आएगी।
बताया गया कि अब तक 21 किमी. डक्ट तैयार हो गया है। चार किमी. डक्ट तैयार किया जाना है। अन्य कार्यों में अयोध्या के छह प्रमुख गेटों को लेकर भी फाइल चलाने में तेजी आ गई है। बताया गया कि जहां-जहां जमीन को लेकर अड़चनें हैं। उसे चिह्नित किए जाने की कार्रवाई तेज की जा रही है। जहां सब कुछ दुरुस्त है वहां काम शुरू कराने पर मंथन हो रहा। हर घर जल योजना में अब तक की प्रगति की समीक्षा शुरू की गई। जहां पाइप लाइन दुरुस्त है वहां शत-प्रतिशत कनेक्शन दिए जाने की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके साथ ही अन्य विभागों की परियोजनाओं में तेजी को लेकर अफसर सक्रिय हो गए हैं।
बिजली व अन्य केबलें होंगी व्यवस्थित
रामपथ के डक्ट का निर्माण 30 जून तक पूरा कराने का लक्ष्य है। मंडलायुक्त ने इसके लिए निर्देश दिया है। परियोजना और श्रमिकों की संख्या का रिव्यू किया गया। डक्ट निर्माण पूरा होने से कई अड़चनें दूर होंगी। बिजली सहित अन्य केबलें व्यवस्थित हो जाएंगी। ऐसे में काम में तेजी आएगी।
-अमित सिंह, नोडल अफसर व एडीएम प्रशासन