जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित कर सोमवार को प्रशासन को मांग पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में अस्पताल का नाम डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्मारक मंडलीय चिकित्सालय दर्शननगर-फैजाबाद करने का सुझाव दिया गया है।
समाजसेवियों और साकेत छात्र संघ के पूर्व प्रमुख पदाधिकारियों की इस बैठक में कहा गया कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम का आगमन जिले के साकेत महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हुआ था।
उन्होंने देश की युवा पीढ़ी को विजन 2020 का संदेश देते हुए राष्ट्र के समग्र विकास के प्रति समर्पित होने का आह्वान किया था। ऐसे में उनके संस्मरण को युवाओं के मध्य संजोए रखने के लिए अस्पताल का नामकरण भारत रत्न की स्मृति में करना श्रेयस्कर रहेगा।
प्रस्ताव पारित कर सोमवार को मुख्यमंत्री के पास भेजे जाने के लिए एडीएम सिटी को सौंपा गया। इस पर सुनील तिवारी शास्त्री, त्रियुग नारायण तिवारी, कृपाशंकर पांडेय, अनिल सिंह राणा, नाथ बख्श सिंह, बीरभानु प्रताप, शेषनाथ दुबे, देवबक्श वर्मा, अशोक कुमार द्विवेदी आदि के हस्ताक्षर हैं।