अयोध्या। लगातार हो रही बारिश से तबाही का सिलसिला जारी है। दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि तीन किशोरियां घायल हो गईं।
कई जगहों पर मकान गिरने से मलबे में दबकर 11 बकरियों की मौत व कई लोग घायल हो गए। बारिश में तेज हवा चलने से धान व गन्ने की फसल को नुकसान हुआ है। वहीं, सब्जियों की फसल चौपट हुई है। मौसम विभाग ने अभी बारिश के जारी रहने का अनुमान जताया है।
बीकापुर तहसील के सूरासराय लुत्फाबाद बछौली गांव में बारिश के चलते रविवार सुबह करीब 7 बजे एक घर की पुरानी दीवार ढह गई। मलबे में दबने से बुजुर्ग राम झरोखे (70) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका नाती रामअनुज (18) घायल हो गया। उसे सीएचसी बीकापुर लाया गया।
हालत में सुधार होने पर चिकित्सक अजय सिंह ने उसे घर भेज दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे उप जिलाधिकारी लव कुमार सिंह भी पहुंचे। मृतक का परिवार बहुत ही गरीब है।
मृतक के पुत्र की डेढ़ वर्ष पूर्व बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। परिवार में मृतक की पत्नी, बेवा बहू तथा 3 छोटे-छोटे पौत्र हैं। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष, गृह अनुदान सहित अन्य मदों से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं पूरा बाजार बाजार प्रतिनिधि के अनुसार गांव जलालुद्दीन नगर निवासी प्रवीण कुमार का छप्पर का मकान शनिवार रात गिर गया। इसके नीचे दबकर सीमा (65), अंशू (15) व अनामिका (12) घायल हो गईं। इनमें से अनामिका को सीएचसी पूरा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, ग्राम रामपुर पुवारी निवासी रामजन्म यादव के मकान के घर का एक हिस्सा गिरने से परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। इसके अलावा हैदरगंज के रामपुर प्रताप निवासी लाल मोहम्मद का छप्पर का घर गिरने से उसके नीचे दबकर उसकी 11 बकरियां मर गईं।
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद मलबे से दो बकरियों को जिंदा निकाला। मसौधा प्रतिनिधि के अनुसार रैथुआ गांव में शनिवार दोपहर बाद करिया यादव के मकान की दीवार गिर गई जिसमें दबकर उनकी पुत्री कोमल (10) जख्मी हो गई। वहीं मलिकपुर गांव में अंजनी कुमार मौर्य का मकान गिर गया।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार तारडीह के प्रधान हरिश्चंद्र निषाद ने बताया कि ग्राम सभा निवासी हंसराज, सतीश, दूधनाथ, विदेशी, लल्लू के कच्चे मकान बारिश के दौरान गिर गये। इसके अलावा बेनिगद्दोपुर पुर मे पंचराम तथा सेमरी बलीपुर में संतराम का मकान जमीदोज हो गया है।
पिछौरा के ग्राम प्रधान राम बख्श वर्मा ने बताया कि शनिवार को हुई बारिश के दौरान बसंत वर्मा, मो. इसरॉयल, धरम राज, राम सुफल सहित कई लोगों के मकान गिर गए हैं।
चौरे बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के साल्हीपुर ग्राम सभा निवासी कुसमा देवी पत्नी जसराज का आवासीय कच्चा मकान गिर गया, परिवार तंबू में रहने को मजबूर है। इसी गांव के निवासी चेतराम, इंद्र कुमार, पारसनाथ, राम आशीष मिश्रा, शत्रुघ्न मिश्रा आदि लोगों का मकान गिरने से वो पड़ोसियों के घर पर रहने पर मजबूर हैं।
इसके अलावा क्षेत्र के ही चौरे चंदौली गांव निवासी महेश कुमार, राकेश कुमार का कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया। रामपुरभगन प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत रामपुर भगन के राजस्व ग्राम सागरपुर मजरे खैरा गांव निवासी मजदूर राम सुरेश निषाद का कच्चा खपरैल का मकान शनिवार की रात में भरभराकर गिर गया, इसमें परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
महबूबगंज प्रतिनिधि के अनुसार अयोध्या शेरवा घाट निवासी सच्चिदानंद सिंह का पुराना जर्जर मकान धराशाई हो गया। इसी गांव के संतराम का मकान भी धराशायी हो गया। वहीं बारिश के चलते क्षेत्र में तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिससे संचार सेवा पूरी तरह ठप है। रानीबाजार प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सभा दौलतपुर के मजरे मोकलपुर में मजदूर राम शंकर यादव का मकान गिर गया।
बारिश में भीगने से मोर को लगी ठंड, मौत
बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के सूरा सराय गांव के पास स्थित बाग में रविवार सुबह एक राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिला। गांव निवासी अध्यापक आदर्श तिवारी ने बताया कि खेत निकले ग्रामीणों ने मोर के शव को देखा उसके बाद सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे वन दरोगा दिनेश कुमार पहुंचे। मोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय, बीकापुर लाया गया तथा पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया। वन दरोगा दिनेश कुमार ने बताया कि मोर की मौत बरसात में भीगने और ठंड लगने के कारण हुई है।