ट्रेन की एक बोगी में बदहवास बैठे हादसे के गवाह यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
झांसी मंडल में पुखरायां-मलासा रेलवे स्टेशनों के बीच रात 3:10 बजे के करीब दुर्घटनाग्रस्त हुई डाउन इंदौर-पटना एक्सप्रेस में फैजाबाद जिले के 49 यात्री सवार थे। एक घायल रजत सिंह पुत्र तेजप्रताप को वहां अकबरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रेन सवार 49 यात्रियों में सात यात्री एसी और 42 यात्री स्लीपर कोच में सवार थे, उन्हें रेलवे के सीएमआई अजय सिंह ने सुरक्षित होने का दावा किया है। लेकिन ट्रेन की दुर्घटनाग्रस्त हुई दो जनरल बोगियों में जिले के कितने यात्री थे, उनकी क्या दशा और नाम हैं, इसका आंकड़ा रेलवे के पास नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक वेस्टर्न रेलवे के दुर्घटनाग्रस्त कुल 14 कोचों में से स्लीपर के छह (एस-1 से एस-6), एसी के पांच (ए-1, बी-1, बी-2, बी-3 तथा बीई-1), दो जनरल तथा एक एसएलआर कोच थे।
रेलवे सूची में अंबेडकर नगर के दो घायल यात्रियों मोनू विश्वकर्मा पुत्र जयराम विश्वकर्मा तथा राजू पुत्र मेवालाल के भी नाम शामिल हैं। मामूली घायल व दूसरे यात्रियों को लेकर दिन में दो बजे चली स्पेशल ट्रेन के देर शाम फैजाबाद पहुंची। जिले के किसी यात्री के मरने की सूचना खबर लिखे जाने तक नहीं है।