अयोध्या। नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गये हैं। जिले को छह सुपर जोन, 19 जोन, 50 सेक्टर में बांटा गया है। अराजकतत्वों से निपटने के लिए एक कंपनी सीमा सुरक्षा बल व दो कंपनी पीएसी ने डेरा डाल दिया है। सुरक्षा बलों को बुधवार को मतदान केंद्रों पर भेजा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के नोडल अधिकारी व एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने निकाय चुनाव के 11 मई को होने वाले मतदान के लिए जिले के पुलिस बल के अलावा 35 निरीक्षक, 103 उप निरीक्षक, 200 प्रशिक्षु उप निरीक्षक, 395 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 970 होमगार्ड व 120 महिला उप निरीक्षक व महिलाआरक्षियों ने मंगलवार तक जिले में आमद करा ली है।
बताया कि एक नगर निगम, एक नगर पालिका व छह नगर पंचायत में मतदान की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सुपर जोन का प्रभारी डिप्टी एसपी, जोन का निरीक्षक व सेक्टर प्रभारी उप निरीक्षक को बनाया गया है। इसके अलावा थाने के एसएचओ के अलावा 18 थाना मोबाइल टीम भी लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान पर नजर रखेगी।
सीसीटीवी से निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग से भी होगी
एसपी ग्रामीण ने बताया कि चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हर मतदान केंद्र पर सीसीटीवी व वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से निगरानी की जाएगी। मतदान करने के लिए लोग अपने निजी साधनों का प्रयोग कर सकेंगे। किसी भी प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं काे लाने या पहुंचाने के लिए साधन का प्रयोग नहीं किया जाएगा। निगरानी के लिए ड्रोन का भी सहारा लिया जाएगा। मतदान से पूर्व थाना पुलिस बाहरी लोगों को चिन्हित कर उन्हें जिले से बाहर कर रही है।