अयोध्या। जिला सहकारी बैंक, अयोध्या और अंबेडकरनगर जिले में आठ नई शाखाएं खोलेगा। महिलाओं के सावधि जमा पर बैंक नई योजना लाएगा। शुक्रवार को सहकारी बैंक के बोर्ड की बैठक में इसका प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इसके साथ ही बैंक के विकास को लेकर कई अन्य प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
सहकारी बैंक के सभागार में आयोजित बोर्ड के बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू ने की। बैठक का फोकस बैंक की सामाजिक और आर्थिक मजबूती पर रहा। बैंक का विस्तार देते हुए बोर्ड ने अयोध्या के चौरेबाजार, शाहगंज, ड्योढ़ी, देवगांव और अंबेडकरनगर में महरुआ, मालीपुर, नेवादा और महबूबगंज में नई शाखाएं खोलने का प्रस्ताव पारित कर दिया। सहकारी बैंक महिलाओं से लंबी सावधि जमा पर विशेष सुविधा लाएगा। फैजाबाद की सिटी ब्रांच और अंबेडकनगर की जलालपुर ब्रांच को आधुनिकतम सुविधाओं से लैश माडल ब्रांच बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया है। बोर्ड ने दोनों जिलों की निष्क्रिय पड़ी 11 सहकारी समितियों को सक्रिय करने और नकद लेन-देन शुरू कराने का प्रस्ताव किया। इनमें इब्राहिमपुर, बदौली बुजुर्ग, जानाबाजार, जजवारा, दिनकरपुर, बेरमा, जगुई, औरंगाबाद, केशवपुर, जमलुदार और ककरही समितियां शामिल हैं।
बैंक का सदस्य बनाने का प्रस्ताव
बैठक में सहकारी समितियों लक्ष्मणपुर ग्रंट और पिगिरियावां को बैंक का सदस्य बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बोर्ड ने भौगाेलिक दृष्टि से ज्यादा दूरी पर स्थित धान क्रय केंद्रों के बीच की सहकारी समितियों को क्रय केंद्र बनाए जाने के लिए प्रशासन को पत्र भेजे जाने का निर्णय लिया। उदाहरण के तौर पर सोहावल और भेलसर के बीच और हैदरगंज क्षेत्र बताए गए। पिछले साल सहकारिता के 36 क्रय केंद्र थे। इस बार 32 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड में वेतन भोगी समितियों के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग से वेतनभोगी समितियों को नहीं भेजा जा रहा है। इसको लेकर बैंक के चयेरमैन ने कमिश्नर गौरव दयाल को पत्र भी भेजा है। इसके साथ अन्य प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
बैठक में उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय, संचालक सुनील मिश्र, विनीत कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, शंभू सिंह, सुबेदार यादव, राम सुंदर, आनंद अग्रवाल, बैंक के महाप्रबंधक/ सचिव सुधांशु चौधरी, अनुभाग अधिकारी सुधीर कुमार सिंह मौजूद रहे।