मिल्कीपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। एक सप्ताह पूर्व गांव में ही दो पक्षों में मारपीट हुई थी। आत्महत्या करने वाला युवक मुकदमे में आरोपी था।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सारी पूरे चौमनवा गांव निवासी संतोष यादव पुत्र जग प्रसाद यादव (22) घर से किसी काम से बाहर निकला थोड़ी देर बाद ग्रामीणों द्वारा यह जानकारी मिली कि संतोष गांव से थोड़ी दूर पर अमरूद के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। घटना की जानकारी जैसे परिजनों को हुई वह रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी इनायतनगर पुलिस को दी।
सूचना पर इनायतनगर थाने के उपनिरीक्षक रणविजय सिंह हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व गांव में ही दो पक्षों में जबरदस्त मारपीट हुई थी। जिसमें दूसरे पक्ष को गंभीर चोटें आई थी। दूसरे पक्ष का इलाज मौजूदा समय में ट्रामा सेंटर लखनऊ में चल रहा है।
उस मुकदमे में मृतक संतोष आरोपी था। लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि हो सकता है कि उस मुकदमे के डर से आत्महत्या कर लिया हो।या फिर और कोई बात हो सकती है। प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर विजय सेन सिंह से जब जानकारी चाही गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों द्वारा कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर दी जाती है तो मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जाएगी।