अब ईद मनाने को एक सप्ताह से भी कम समय रह गया है। ईद नजदीक देख दुकानों के सामने फुटपाथों पर कपड़ा,जूता-चप्पल, सेवइयों, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ उमड़ी तो शहर गुलजार हो गया। चौक, रिकाबगंज, गुदड़ीबाजार, रीडगंज कोतवाली और मोतीबाग से चौक की ओर जाते रास्तों पर इन दिनों देर रात तक जाम लगा रहता है और तो और गुरुवार साप्ताहिक बंदी के दिन फुटपाथों पर सजती दुकानों से यातायात दुरुह हो जा रहा है। हालांकि पुलिस के जवान व्यवस्था संभाले हुए हैं।
खरीददारी में पुरुषों के बजाय महिलाएं आगे हैं। युवक और युवतियों का मन कुछ परिधानों पर ज्यादा रीझा। बाजार का हाल यह है कि नवयुवक वैलूम और इक्का टाइगर पैंट जमकर खरीद रहे हैं। युवतियां राबड़ी-राठौर सेट पर रीझती रहीं। दुकानदारों ने ऐसे में इन्हें सोमवार के भाव से पचास से सौ रुपये ज्यादा लिए। ग्राहकों से इसका मूल्य 350-400 के बजाय 450-500 रुपये लिए जाने लगे।
फैंसी लेडीज और जेंट्स चप्पलें भी खूब बिक रही हैं। बाजार में ऐसे चप्पलों की कीमत ढाई सौ से छह सौ तक है। श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं का हुजूम देर रात तक जुट रहा है। सेंवईं और सूखे मेवे के भाव भी बढ़ गए हैं। लच्छे वाली सेंवई की जगह खरीदारों ने महीन सेंवई खरीदना ज्यादा बेहतर समझा।