प्रदेश सरकार से चलाई जा रही योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को आयोजित समाजवादी विकास दिवस मेें उपलब्धियों का बखान किया गया। मुख्यालय सहित चार ब्लॉकों में हुए कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों की भीड़ उमड़ी।
मुख्य अतिथि सूबे के भूतत्व एवं खनिकर्म व जिले के प्रभारी मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने लैपटॉप, कन्या विद्याधन के चेक और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेरोजगार युवकों को बेरोजगारी भत्ता, छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, छात्राओं को कन्या विद्याधन तो दलित एवं कुचले लोगों को 3.3 लाख रुपये का लोहिया आवास दिया।
इसके पूर्व मंत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ कर सुनाया। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने सभी का स्वागत करने के साथ-साथ जिले में चार वर्षों में संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों को बताया।
सपा के जिलाध्यक्ष जयशंकर पांडेय ने कहा कि वर्तमान समाजवादियों की सरकार हर चेहरे पर मुस्कान चाहती हैं। रुदौली के पूर्व विधायक रूश्दी मियां ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हर क्षेत्र में अच्छी प्रगति की हैं। शासन के प्रतिनिधि के रूप में प्रमुख सचिव माध्यमिक जितेंद्र कुमार यहां मौजूद थे।
कार्यक्रम के अंत में कमिश्नर सूर्यप्रकाश मिश्र ने मुख्य अतिथि व सभी अफसरों का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में विधायक आनंद सेन, एमएलसी हीरालाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता सिंह, डीआईजी वीके गर्ग, एसएसपी मोहित गुप्ता, डीडीओ अभिराम त्रिवेदी, बीएसए प्रदीप कुमार द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।