थानाक्षेत्र के नगईपुर के सिवान में रविवार की सुबह अरहर की पिटाई कर रहे मजदूर पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना स्थल पर ही युवा पुत्र की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल वृद्ध पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा रही। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। तहसीलदार की मौजूदगी में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रविवार को भोर तकरीबन सात बजे हैदरगंज थाना क्षेत्र के बेला रामबाग के मजरे बालडीहा निवासी मजदूर श्यामलाल (62) पुत्र लुटावन व उनका पुत्र राजेश (25) नगईपुर निवासी राधेश्याम दूबे के सिवान में उन्हीं की अरहर की पिटाई कर रहे थे।
तभी अचानक आकाश में बादल गरजे और बिजली काम कर रहे पुत्र के ऊपर जा गिरी। राजेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि चंद कदमों की दूरी पर काम कर रहे वृद्ध पिता गंभीर रूप से झुलस गया।
कुछ ही मिनटों में यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष शैलेंद्र गिरी ने झुलसे वृद्ध को जिला अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
मृत मजदूर की पत्नी संगीता और तीन छोटे बच्चे लवकुश, कैलाश व अमित सहित परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।