बीकापुर (अयोध्या)। कोतवाली क्षेत्र के लुत्फाबाद बछौली में स्थित जोगी वीर बाबा प्राचीन देव स्थल पर मंदिर के घंटे में बृहस्पतिवार सुबह एक दलित किशोरी का शव संदिग्ध अवस्था में लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। लोगों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
मृत किशोरी की पहचान लुत्फाबाद बछौली पाठक का पुरवा गांव निवासी प्रीति (16) पुत्री बरसाती के रूप में हुई। मृतका का घर देवस्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। परिवारीजनों ने बताया कि किशोरी बुधवार रात करीब 10 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। जानकारी होने पर परिवारीजनों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह ग्राम प्रधान लवकुश यादव के साथ परिवारीजन कोतवाली में तहरीर देने जा रहे थे। इसी बीच सुबह खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने युवती के लटके शव को देखकर पुलिस और गांव में सूचना दी।
पुलिस टीम के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय ने पड़ताल शुरू की। सीओ डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर पड़ताल की और स्लाइड बनाई। इस बीच मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके की परिस्थिति घटना को संदिग्ध बता रही थी। किशोरी का शव जमीन से काफी कम ऊंचाई पर दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था और पैर मंदिर के फर्श पर थे जबकि दूसरा पैर भी मुड़ा हुआ था।
सीओ डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जो भी तथ्य सामने आएगा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल राजेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। किशोरी की संदिग्ध मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान लवकुश यादव ने बताया कि किशोरी का परिवार काफी गरीब है। मृत किशोरी चार बहन और दो भाइयों में पांचवें नंबर की थी। अभी सिर्फ बड़ी बहन की ही शादी हुई है और सभी अविवाहित हैं। किशोरी ने पिछले वर्ष आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।