अयोध्या। जनपद में सोमवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध हालात में फंदे से दो शव लटके मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवो का पोस्टमार्टम करा परिवारीजनों को सौंप दिया है। हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के ग्राम आदिलपुर पूरे लाला का पुरवा निवासी रामदुलारे (65) घर से दूर बाग में नीम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे से लटके मिले। लगभग 18 वर्ष पूर्व रामदुलारे के पुत्र की एक एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। घर में किसी के न होने से बेटी और दामाद यहीं रहते थे। परिवारीजनों का कहना है कि रविवार को बिना किसी को बताए सुबह घर से निकले थे।
वहीं रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर कांटा निवासी 48 वर्षीय बुद्धू का शव घर के बगल पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों के अनुसार मृतक नशे का आदी था। आर्थिक स्थिति भी खराब थी। तीन बच्चों के साथ पत्नी के लिए जीविका के लिए संकट उत्पन्न हो गया है। संवाद
-
सर्पदंश से दो साल की बच्ची की मौत
तारुन। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दौदहा मे रविवार देर शाम सर्पदंश से दो वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। ग्राम प्रधान विनय वर्मा ने बताया कि ग्राम सभा निवासी रवि शर्मा की दो वर्षीय पुत्री सिद्धि रविवार देर शाम छत पर खेल रही थी। इस दौरान उसके पैर की अंगुली में सांप ने काट लिया। परिजन उसे नजदीकी बाजार में एक चिकित्सक के पास ले गए जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। रवि शर्मा विकास नगर में सैलून चलाते हैं।
छात्रा के अपहरण का मुकदमा दर्ज
तारुन। स्कूल गई नाबालिग छात्रा के घर वापस न आने पर परिवारीजनों ने पिता-पुत्र के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला थाना क्षेत्र की एक ग्राम सभा का है। किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है कि उनकी 14 साल की पुत्री गांव के विद्यालय में पढ़ती है। 13 सितम्बर को उसकी पत्नी उसे विद्यालय छोड़ कर घर वापस आ गई, लेकिन विद्यालय में छुट्टी होने के पश्चात उनकी पुत्री घर नहीं आई। उसने जैतपुर निवासी सूरज पर आशंका व्यक्त की। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार यादव ने बताया कि जैतपुर निवासी सूरज व उसके पिता श्यामलाल के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
बस में मरीज की मौत की जांच
सोहावल। एआरटीओ की चेकिंग के दौरान हुई दो यात्रियों की मौत के मामले में एसएसपी व आईजी से भी शिकायत हुई है। सोहावल क्षेत्र के करेरू निवासी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने संबंधित दोषी बस संचालक व अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग एसएसपी राजकरन नैय्यर से की गई है। एसएसपी ने मामले की छानबीन का जिम्मा रमाशंकर सरोज को सौंपकर आख्या मांगी है। संवाद