कोतवाली क्षेत्र के तोरोमाफी गांव निवासी एक युवक का शव शुक्रवार रात बाग में शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना की खबर से गांव में हलचल मच गई। जीवित होने की संभावना पर परिवारीजन युवक को पेड़ से उतरवाकर सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई ने ससुरालीजनों पर हत्या कर पेड़ से लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है।
तोरोमाफी निवासी उमेशचंद्र मौर्य तीन भाइयों तथा दो बहनों में चौथे नंबर पर था।
गांव के पास ही नवाब सैय्यद अहमद जामिन के फार्म हाउस पर रहने वाले हैदरगंज थाना क्षेत्र के जाना बाजार निवासी उमाशंकर मौर्य के घर उसका आना जाना था। इसी बीच उमेश का प्रेम प्रसंग उमाशंकर की पुत्री पूनम से हो गया और कुछ माह पूर्व वह पूनम को लेकर सूरत चला गया।
जहां उसके साथ विवाह कर रहने लगा। करीब डेढ़ माह पूर्व जब पत्नी की मां की तबीयत खराब हुई तो वह पत्नी के साथ घर वापस आया और उसे ससुराल छोड़ आया। युवक रोज फार्म हाउस में रहने वाले ससुरालीजनों से मिलने जाता था।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह घर से एक घंटे में लौट कर आने की बात कह कर फार्म हाउस जाने के लिए निकला लेकिन वह वापस नहीं लौटा। फार्म हाउस पर रहने वाले युवक के ससुर उमाशंकर ने बताया कि उमेश रात करीब साढ़े नौ बजे एक अन्य युवक के साथ आया था और कुछ देर रह कर वह वापस चला गया था।
बताया कि रात करीब दो बजे वह अपनी पत्नी के साथ बोई गई सब्जी की फसल की वनरोज से रखवाली के लिए खेतों की तरफ गया तो ककराहवा से बासुदेवपुर को जाने वाले खड़ंजा मार्ग के किनारे शीशम के पेड़ के डाल से गमछा के सहारे उमेश का शव लटकता हुआ मिला।
उन्होंने शव को नीचे उतारकर जीवित होने की आशंका में सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ मृतक के बड़े भाई श्यामधन मौर्या ने कोतवाली में तहरीर देकर मृतक की पत्नी पूनम मौर्य और ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को पेड़ पर टांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असलियत का खुलासा होगा। उधर मृतक के घर कोहराम मचा हुआ था।
उसके पिता छोटेलाल, भाई रामधन, श्यामधन, बहन कमलेश, अंजलि, पत्नी पूनम मौर्य का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की बहन कमलेश ने बताया कि उसका भाई डेढ़ माह पूर्व मां की बीमारी सूचना पर सूरत से घर वापस आया था। वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। उसको किसी साजिश के तहत मारा गया है।