मांझा बरेहटा निवासी योगेंद्र प्रताप यादव उर्फ योगी (32) पुत्र रामगुलाम यादव पिछले कई वर्षों से मदरहिया मौनी बाबा मंदिर के निकट स्थित हनुमान मंदिर पर रहता है। यहीं पर उसने अपना चुनाव कार्यालय भी खोल रखा है।
गोसाईगंज विधायक के ड्राइवर योगी ने पंचायत चुनाव में पूराबाजार तृतीय से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए ताल ठोंक रखी है। शनिवार सुबह वह मदरहिया स्थित मंदिर के निकट नित्यक्रिया के लिए गया था। वापस लौटते समय लगभग छह बजे रेलवे पुल के नीचे दो युवकों ने योगी को रोक लिया और उनके सीने पर असलहा रख दिया।
योगी का कहना है कि उसने सीने पर रखे असलहा को हटाने की कोशिश की तो हमलावर ने फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट पर लगी। फायरिंग से बाएं हाथ में भी चोट लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर दौड़े परिवारीजनों ने तत्काल घायल योगी को श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुबह पौने आठ बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन शरीर में गोली नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि गोली आरपार हो गई। उधर, मामले की जानकारी पर समर्थकों व परिचितों की भीड़ जुटने लगी।
गोसाईगंज विधायक अभय सिंह समेत अन्य क्षेत्रीय नेता पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के चलते योगी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की है।
घायल युवक के पिता रामगुलाम यादव ने अयोध्या कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचक को घायल का बयान लेने के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।