गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव के पास सोमवार रात किसी धारदार हथियार से एक युवक का नाजुक अंग और गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह गांव से करीब तीन किमी. दूर नहर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
युवक के पिता और भाई ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। गोसाईगंज नगर के तेलियागढ़ मोहल्ला निवासी राजन सोनी (23) पुत्र मुन्ना सोनी सोमवार की रात काजीपुर गाडर गांव में कालीचौरा पर एक भंडारे में शामिल होने के लिए गया था।
रात्रि करीब 11 बजे लोगों ने उसे नगर से तीन किलोमीटर दूर गोपालपुर समदा गांव की नहर के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा तो सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर मया सीएचसी गई। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत युवक के पिता मुन्ना व भाई सुनील ने बताया कि राजन का नाजुक अंग काटने के साथ ही हत्यारों ने धारदार हथियार से उसका गला भी रेत दिया जिससे उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने कहा कि पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
प्रभारी कोतवाल शाह आलम ने बताया कि युवक मंद बुद्धि था। सड़क दुर्घटना का मामला दिखाई पड़ रहा है, अभी तक परिवारीजनों की तरफ से तहरीर नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।