तारुन थाना क्षेत्र के क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक केसरूआ बुजुर्ग से बुधवार दोपहर रुपये निकालकर पैदल घर जा रही कादीपुर गांव की एक महिला से बाइक सवार एक युवक ने तमंचा दिखाकर सात हजार रुपये लूट लिए। महिला के शोरगुल पर दौड़े ग्रामीणों ने भाग रहे लुटेरे को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव के भगौती प्रसाद प्रजापति की पत्नी प्रेमा देवी बुधवार को ग्रामीण बैंक केसरूआ बुजुर्ग से सात हजार रुपये निकालकर दोपहर लगभग एक बजे पैदल घर जा रही थी। बताते हैं कि लुटेरे ने बैंक के अंदर से ही महिला का पीछा करना शुरू कर दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि लुटेरे ने रास्ते में कई बार रोककर घटना को अंजाम देना चाहा।
कादीपुर गांव के पहले बाग के निकट सुनसान स्थल पर लुटेरे ने महिला पर तमंचा लगाकर सात हजार रुपये लूट लिए और बाइक लेकर भागा। महिला ने हल्ला गुहार मचाया तो खेत में काम कर रहे दर्जनों ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। कादीपुर के मनोज सिंह ने लुटेरे की बाइक के सामने साइकिल फेंककर उसे गिरा दिया और दबोच लिया।
कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और सभी ने उसकी धुनाई कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय ने बताया कि बेनीगद्दौपुर निवासी शुभम यादव (17) ने प्रेमा देवी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया है। उसके कब्जे से मिली बाइक की भी जांच की जा रही है।