वाराणसी से जौनपुर के बीच ट्रेनों के एसी कोचों में आये दिन होती चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं। गुरुवार को टाटानगर से अमृतसर जा रही 18103 अप जलियांवाला बाग के फर्स्ट एसी में दो और थर्ड एसी में एक यात्री का सामान चोरी हो गया। थर्ड एसी कोच बी-3 की सीट नंबर 47 की महिला यात्री का बैग चोरी चला गया। इसमें यात्री के मोबाइल सहित करीब 25 हजार के कीमती सामान थे। महिला टाटा से सहारनपुर जा रही थी।
बैग चोरी की शिकार हुई शेफाली ने बताया कि वाराणसी से छूटी ट्रेन फैजाबाद में रुकी। फैजाबाद में जीआरपी प्रभारी दिनेश कुमार वर्मा अमले के साथ कंट्रोल के मैसेज पर दिन में 12:30 कोच में थे। दो मिनट में ट्रेन चल पड़ी। तहरीर नहीं दे सके, लेकिन एक स्लिप पर डिटेल लिखने के साथ ही वाराणसी में उतरे कोच में बर्थ संख्या 41 से 48 तक सवार यात्रियों पर बैग उतारे जाने का शक जताया है। इन यात्रियों का पीएनआर भी दिया है। महिला यात्री ने बताया कि फैजाबाद ने कंट्रोल को लखनऊ जीआरपी से अटेंड करने को कहा है। लखनऊ में जीआरपी ने कोच में पहुंचकर उनकी तहरीर ले ली है।
उधर फैजाबाद में रुकी इस ट्रेन के सीनियर टिकट निरीक्षक लखनऊ डिवीजन के आरकेएस यादव ने बताया कि ट्रेन के फर्स्ट एसी में भी दो यात्रियों के सामान वाराणसी में चोरी हो गये हैं। चोरी के शिकार हुए यात्रियों में बर्थ संख्या 31 से 34 और 29-30 के दो यात्री हैं। इन्होंने अभी कहीं कोई तहरीर नहीं दी है। इन दोनों यात्रियों का कितने का सामान चोरी हुआ, पता नहीं है।
बता दें इससे पूर्व इसी ट्रैक पर वाराणसी और जौनपुर के बीच बीते 30 जनवरी को दो ट्रेनों के एसी कोच से पांच यात्रियों का सामान चोरी हो चुका है। सियालदह के बी-1 कोच में गया से पठानकोट जा रहे ताइवान के नागरिक कुंचू डोंडप, अप किसान एक्सप्रेस के ए-1 कोच में बोकारो में सीआरपीएफ द्वितीय कमान के अधिकारी अशोक कुमार यादव तथा सीआरपीएफ के पवन कुमार सिंह यादव पीड़ितों में शामिल थे।