जुड़वा शहरों अयोध्या से लेकर फैजाबाद तक लुटेरों, चोर व उचक्कों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को दिनदहाड़े कैंट थाने के पास ही बाइक सवार युवकों ने फौजी के बीबी के गले की चेन लूट ली और बाइक लहराते हुए भाग निकले। नगर कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की गले की चेन ही नहीं छीनी, बल्कि धक्का मार उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अयोध्या दर्शन करने आये परिवार की दो महिलाओं की सोने की चेन पार कर दी गई तो स्कूटी सवार युवती का पर्स, नकदी व अन्य कागजात छीन लिया गया। सभी ने शिकायत पुलिस को दी है।
कैंट थाने के छावनी क्षेत्र कंधार लाइन की रहने वाली मंजू देवी सोमवार दोपहर बेटे अंशू के साथ अंकपत्र लेने गई थी। वह पैदल ही कैंट थाने की ओर जा रही थी। थाने से चंद कदम पहले मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने महिला के पीछे से झपट्टा मारा और सोने की चेन लूटकर भाग निकले।
वारदात के बाद महिला कुछ समझ नहीं पाई कि आखिर युवकों ने उसे पीठ पर क्यों मारा? कुछ देर बाद उसका ध्यान गले पर गया तो चेन लूटे जाने की जानकारी हुई। हल्ला-गोहार पर आसपास के लोग एकत्र हो गये और मामले की जानकारी फौज में नायक पद पर तैनात पति देवेंद्र कुमार को दी। प्रकरण में एसपी सिटी को शिकायत दी गई है।
रविवार को सरेशाम देवकाली क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने 60 वर्षीय विधवा रामजानकी की गले की सोन की चेन लूटने के झपट्टा मारा तो बुजुर्ग महिला औंधें मुंह सड़क पर गिर पड़ी। लोगों ने बुजुर्ग महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार के प्रकाश पाल ने शिकायत नगर कोतवाली पुलिस को दी है।
अयोध्या दर्शन-पूजन करने आये विनोद कुमार सोनी व थाना केराकत जिला जौनपुर का परिवार उचक्कों का शिकार हो गया। हनुमानगढ़ी पर दर्शन-पूजन के दौरान परिवार की दो महिलाओं के गले से चेन उचक्कों ने पार कर दी। शिकायत थाना रामजन्मभूमि पुलिस को दी गई है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार एक युवती को ओवटरेक कर युवती का पर्स छीन लिया और मौके से भाग निकले। वारदात के समय नगर कोतवाली के सिविल लाइन नार्मल कॉलोनी की रहने वाली रूपाली श्रीवास्तव पुत्री अविनाश कुमार श्रीवास्तव स्कूटी से अयोध्या घर जा रही थी।
शिकायत पुलिस को दी गई है। पर्स में युवती का मोबाइल, दो हजार रुपये, उसका ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजात रखे हुए थे। सोमवार को एसएसपी के पीआरओ केपी ओझा ने बताया कि शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने अलग-अलग मामला दर्ज किया है। श्रद्धालुओं की चेन चोरी किये जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है।