इनायतनगर थाने की हैरिंग्टनगंज चौकी क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय के शौचालय में शुक्रवार को ईंट से कूंच कर की गई किशोर की हत्या के बाद शनिवार देर शाम ग्रामीणों ने शव रख मिल्कीपुर-खजुरहट मार्ग जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा दिलाने की मांग पर अडे़ हुए है।
खबर लिखे जाने तक मार्ग जाम रहा और अधिकरी मौके पर नहीं पहुंचे थे। वहीं इससे पूर्व दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।
शुक्रवार को हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के मिल्कीपुर-खजुरहट मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय पूरे पासिन के शौचालय का ताला तोड़कर गांव निवासी दुखीराम उर्फ कुलदीप पाठक के 16 वर्षीय पुत्र मोहित की ईंट से कूंच-कूंचकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक के चचेरे भाई राहुल (13) को भी चोटें आई थीं। जिसको शनिवार शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी आईपी यादव ने बताया कि शनिवार को मृत किशोर के पिता ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं देर शाम करीब पौने सात बजे पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर गांव पहुंचे ग्रामीणों ने गांव के सामने ही अरविंद नगर चौराहे पर शव रखकर मिल्कीपुर-खजुरहट मार्ग जाम कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीण मौके पर प्रशासनिक अफसर को बुलाने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग पर अड़े थे। खबर लिखे जाने तक जाम खत्म नहीं हुआ था।