मवई थाना क्षेत्र के गांव बघेड़ी में एक छात्रा की हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका शव गांव के निकट सरसों के खेत मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रकरण में दुराचार कर हत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है।
बघेडी गांव स्थित पूर्व माध्यमिक स्कूल के निकट स्थित वेदप्रकाश के सरसों के खेत में एक किशोरी का शव पाया गया। मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और दोनों पैरों में खरोंच व चोट के निशान थे। गले में दुपट्टा कसा हुआ था।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची मवई पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों को बुलवाकर शव की शिनाख्त कराई। शव की शिनाख्त क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय हाईस्कूल की एक छात्रा के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।