लूट की वारदात के बाद देना बैंक के मैनेजर से वार्ता करते पीड़ित के परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली के रिकाबगंज क्षेत्र में जिला महिला अस्पताल के सामने स्थित देना बैंक के सामने से मंगलवार को दूसरी पहर एक बदमाश अचानक आढ़त व्यापारी से एक लाख 55 हजार रुपया लूट कर भाग गया। घटना सीओ सिटी दफ्तर व रिकाबगंज चौकी से चंद कदम दूर हुई, मगर पीड़ित की सूचना पर विलंब से पुलिस पहुंची। पुलिस ने इस मामले को छिनैती में दर्ज किया है।
शहर के साहबगंज निवासी दिनेश कुमार अग्रहरि की फतेहगंज क्षेत्र में रामगोपाल-दिनेश कुमार नामक फर्म है। जहां आढ़त का थोक कारोबार होता है। रोज की तरह आढ़त संचालक अभिषेक अग्रहरि आढ़त की बिक्री की रकम जमा कराने रिकाबगंज-महिला अस्पताल रोड स्थित देना बैंक स्थित फर्म के खाते में जमा कराने गये थे।
तीन दिन बाद बैंक खुलने के चलते बैंक के बाहर से लेकर मुख्य मार्ग पर अच्छी-खासी भीड़ थी। दोपहर बाद आढ़ती कारोबारी अभिषेक अग्रहिर अपनी बाइक खड़ी कर बैग में रखी रकम लेकर कैशियर के पास जमा कराने काउंटर पर पहुंचे तो जमा कराई जाने वाली रकम में पांच-पांच सौ के सात पुराने नोट होने के चलते कैशियर ने आईडी की मांग की।
मौके पर आईडी न उपलब्ध होने के चलते वह कैश समेत बाहर निकले और कैश का बैग अपनी मोटर साइकिल की डिग्गी में रखकर वापस जाने के लिए तैयार हुए। इसी बीच एक युवक मौके पर पहुंचा और व्यापारी की आंखों के सामने ही मोटर साइकिल की डिग्गी से रकम वाला बैग निकाल लिया।
बैंक की सुरक्षा पर तैनात होमगार्ड जवान अरुण शुक्ला ने भीड़ के बीच आवाज लगाई और उचक्के को दौड़ाया तो वह रकम समेत जिला महिला अस्पताल की ओर भाग निकला। इसके बाद आढ़ती वापस चला गया और फोनकर मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी तथा व्यापारी नेताओं के साथ लगभग सवा तीन बजे फिर बैंक शाखा पहुंचे। इस बीच जानकारी पर एसपी सिटी उदयशंकर सिंह, सीओ सिटी अजय उपाध्याय समेत कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी थी।