पटरंगा थाना क्षेत्र स्थित खंड पिपरा गांव में मोहर्रम जुलूस को जबरिया एक शख्स के घर के बीच निकालने की कोशिश में सोमवार को बवाल हो गया। जुलूस में शामिल लोगों ने दीवार तोड़ दी और छप्पर ढहा दिया। कई लोगों को घरों में घुसकर मारापीटा।
अराजकतत्वों ने मौके पर पहुंचे सीओ से भी हाथापाई व नोकझोंक की। पुलिस ने हस्तक्षेप की कोशिश की तो लाठी-डंडे से लैस लोगों ने उसको दौड़ा लिया। काबू पाने के लिए पड़ोसी जिले समेत चार थानों की पुलिस बुलानी पड़ी।
पड़ोसी जिला बाराबंकी के टिकैतनगर थाना के बेलथरा से सोमवार को मोहर्रम का जुलूस जिले के पटरंगा के खंड पिपरा गांव के रास्ते कोपेपुर जा रहा था। जुलूस में बेलथरा, मंगरौड़ा, चिर्रा, खेतासराय आदि गांवों के करीब ढाई सौ लोग शामिल थे।
जुलूस की सुरक्षा के लिए दो पुलिस कर्मी भी लगाये गये थे। जुलूस खंड पिपरा गांव निवासी राम कैलाश के घर के पास पहुंचा तो कुछ लोग राम कैलाश के घर के बीच से जुलूस ले जाने की जिद शुरू कर दी। दावा किया कि परंपरागत रूप से इसी मार्ग से जुलूस जाता था।
ऐसे में मार्ग नहीं बदला जा सकता। लोग मोहर्रम जुलूस निकालने के लिए दीवार ढहाने लगे। राम कैलाश ने बताया कि उसने अपने पड़ोसियों के साथ दीवार ढहाने व तेज आवाज में ढोल बजाने का विरोध किया। इस पर जुलूस में शामिल लोग हमलावर हो गए और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया।
वे घर के बीच से जुलूस निकालने पर आमादा थे। विरोध करने पर घर की दीवार गिरा दिया और परिवार के सदस्यों के साथ ही पड़ोसियों को जमकर पीटा। पड़ोसी रामतीरथ, रामसमुझ की दीवार व छप्परों को ढहाना शुरू कर दिया। घर में तोड़फोड़ की गई। लोगों को पीटा गया।
साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव की कोशिश की तो भीड़ ने सिपाहियों को दौड़ा लिया और जो मिला, उसी को पीटने लगे। हमले में रामकैलाश, रामतीरथ, रामसमुझ, रामदुलारी, रामावती, फूलमता, पार्वती, सावित्री को पीटकर घायल कर दिया।
जुलूस में शामिल अराजक तत्वों ने लौटते समय बढ़ई का पुरवा निवासी प्रमोद, मयाराम, तारादेवी, रंगीलाल, जयसू राम को भी मारापीटा। सूचना पर पहुंचे सीओ रुदौली संतोष कुमार से भी हाथापाई व नोकझोंक की।
हालात देख एडीएम प्रशासन चतुर्भुजी पाठक, एसडीएम रुदौली वंदिता शुक्ला, एसपी देहात कुलदीप नारायण मौके पर पहुंचे और बाराबंकी के टिकैतनगर समेत जिले के मवई, पटरंगा व रुदौली पुलिस को मौके पर बुला लिया गया।
मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने हंगामा काट रहे लोगों को खदेड़कर मामला शांत कराया और जुलूस को आगे बढ़वाया। इसके बाद उपद्रवियों ने गोसाई का पुरवा पहुंचकर विवाद शुरू कर दिया। जहां ग्रामीणों के साथ ही पुलिस के खदेड़ने पर भाग गए।
सीओ रुदौली संतोष सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल घायल रंगीलाल व जयसु राम को रुदौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मौके की नजाकत को देखते हुए तीनों गांवों में पुलिस बल तैनात किया गया है। उपद्रवियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई होगी।