अयोध्या कोतवाली के मक्खापुर गांव निवासी साकेत कालेज के छात्र फैसल का अपहरण आठ लाख रुपये की फिरौती के लिए हुआ था। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोबाइल, लोहे की रॉड, गला घोंटने में प्रयुक्त रस्सी व खून लगे कपड़े बरामद कर शनिवार को प्रकरण का खुलासा किया है।
पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि सोमवार की शाम सात व आठ बजे के बीच किसी का फोन आने के बाद मक्खापुर गांव निवासी फैसल पुत्र जाबिर अली घर पर खाना न खाने और दावत में शामिल होने को जाने की बात कहकर घर से निकला था।
रात में फैसल घर नहीं लौटा। दूसरे दिन मंगलवार की सुबह हैवतपुर गांव से प्रधान पद का चुनाव लड़े फैसल के मामा मुइनउल्लाह के मोबाइल पर फैसल के मोबाइल से छात्र का अपहरण करने और फिरौती में आठ लाख रुपया न दिये जाने पर हत्या किये जाने की बात कही गई।
मंगलवार को ही मुइनउल्लाह निवासी हैवतपुर की ओर से प्रधानी चुनाव की रंजिश का हवाला देते हुए भांजे फैसल के अपहरण व फिरौती मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बुधवार सुबह छात्र का शव उसके हैवतपुर स्थित दुकान व मकान के पिछवाड़े शाहिद के खेत में मिला।
तहकीकात के लिए लगाई गई टीमों ने शुक्रवार को दोपहर बाद साकेतपुरी कॉलोनी के पास से रामगोपाल उर्फ गुड्डू निषाद निवासी केशवपुर थाना छावनी जिला बस्ती हालपता हैवतपुर कोतवाली अयोध्या और विनय कुमार निवासी कंघी गली कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर हैवतपुर में जमीन में छिपाया गया मृतक का मोबाइल, लोहे की रॉड, गला घोंटने में प्रयुक्त कपड़ा व खून लगे आरोपियों के कपड़े बरामद कर लिया गया। पूछताछ में गुड्डू ने बताया कि उसने आठ लाख की फिरौती के लिए फैसल को साजिश के तहत दावत के बहाने हैवतपुर स्थित कमरे पर बुलाया और हत्या कर दी।
शव को कमरे में स्थित कूलर में छिपा दिया और फिरौती के लिए फोन किया। मौका देख शव को खेत में फेंक दिया और मोबाइल व अन्य सामान छिपा दिया।
उन्होंने बताया कि दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाते हुए दोनों का चालान किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।