मवई थाना क्षेत्र में गुरुवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग पर चाकू से वार कर 60 हजार रुपये लूट लिए और भाग गए। सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
ग्राम ओहरामऊ सहजना के निकट गांव निवासी राम कुशभर (60) पुत्र रामदयाल मवई स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की शाखा से 60 हजार रुपये निकालकर अपनी मोपेड से घर जा रहे थे। वह ओहरा मऊ-सहजना गांव के बीच स्थित तालाब के निकट पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी मोपेड के सामने अपनी बाइक लगा दी और कुर्ते की जेब में रखे रुपये छीनने लगे।
बुजुर्ग ने बदमाशों का विरोध किया। इसी बीच बदमाशों ने उन पर चाकू से वार कर घायल कर दिया और रुपये निकाल भाग गए। वारदात के बाद पीड़ित ने मवई थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। एसआई शैलेंद्र गिरि ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बैंक जाकर भी बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। एसआई शैलेंद्र गिरि ने बताया कि तहरीर मिली है, घटना की जांच की जा रही है।