दो माह पूर्व संदिग्ध हालात में हुई एक अधेड़ की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर मवई पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रकरण मवई थानाक्षेत्र के ग्राम तालगांव का है।
यहां के राम अवध (56) की 13 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवारीजन अधेड़ के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में भी चोट लगने की पुष्टि हुई थी। वहीं ग्रामीणों की माने तो अधेड़ की मौत रात में छत से गिरने के कारण हुई थी। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे थे कि अधेड़ की मौत पुत्र आजाद के लाठी-डंडे से पिटाई करने से हुई थी।
इस मामले में गांव के योगेश ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए न्यायालय की शरण ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर पूर्व प्रधान कौशल किशोर सहित मृतक के पुत्र आजाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।