भाई की ससुराल आए एक युवक ने पड़ोस की युवती की मांग में जबरन सिंदूर डाल दिया। वह युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा। मामले की जानकारी होने पर दोनों परिवारों के बीच सुलह-समझौते को लेकर पंचायत हुई।
युवती शादी को तैयार नहीं थी, जबकि युवक उससे शादी की जिद पर अड़ा था। बाद में बात न बनने पर पुलिस ने युवक के खिलाफ शादी का झांसा देने व छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर निवासी ज्ञानेंद्र की तारुन थाने के एक गांव में ससुराल है। ज्ञानेंद्र की ससुराल आने-जाने के दौरान भाई नरेंद्र कुमार की पड़ोस की एक युवती से प्रेम-प्रसंग हो गया।
प्यार परवान चढ़ा तो दोनों एक दूसरे से मोबाइल पर घंटो बातें करने लगे। एक वर्ष से चल रहे इस प्यार में शुक्रवार को अचानक टर्न आ गया। अपने घर से शुक्रवार को भाई की ससुराल पहुंचा नरेंद्र रात को छत पर लेटी प्रेमिका के पास पहुंच गया और शादी की जिद करने लगा।
युवती ने इन्कार किया तो उसने प्रेमिका के मांग में सिंदूर डाल दिया। नोकझोंक होने के बाद मामले की जानकारी दोनों परिवारों को हुई तो प्रकरण को सुलझाने के लिए घंटों पंचायत हुई। इसमें कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका।
युवक शादी की जिद कर रहा था वहीं, युवती शादी के लिए तैयार नहीं थी। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घंटों चली पंचायत में मामला नहीं सुलझा तो पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने व पीछा करने की शिकायत दी गई है।
रविवार को थानाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ युवती को शादी का झांसा देने, घर में घुसकर छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में विवेचना कराई जा रही है।