जनपद के जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में बीटीसी का प्रशिक्षण हासिल कर रही एक युवती का नगर कोतवाली क्षेत्र से सफेद एसयूवी सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। मामले की जानाकरी के बाद युवती के परिवारीजनों में हलचल मच गई। मामले मेें डायट में ही प्रशिक्षण हासिल कर रहे एक पूर्व सैनिक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है।
पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में बीटीसी का प्रशिक्षण हासिल कर रही है। वह नगर कोतवाली क्षेत्र में अपने चाचा के साथ रहती थी।
युवती के चाचा का कहना है कि दो फरवरी की शाम उनकी भतीजी घर से कुछ सामान खरीदने के लिए बाजार की ओर गई थी, लेकिन काफी बिलंब होने के बावजूद लौटकर नहीं आई। वह खोजबीन के लिए निकले तो पता चला कि उनकी भतीजी को एसयूवी सवार लोगों ने जबरिया वाहन में बिठाया और लेकर चले गये।
पड़ताल शुरू की तो पता चला कि उनकी भतीजी को अमित सिंह निवासी पाकड़कपुर अमानीगंज थाना खंडासा, कल्लू उर्फ श्यामजी कौशल पता अज्ञात तथा महेंद्र सिंह पता अज्ञात ने अगवा कर लिया है। आरोपी अमित सिंह पहले सेना में था और उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति हासिल कर ली थी।
उसकी शादी हुई थी और दो बच्चे हैं। वह जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में ही उनकी भतीजी के साथ बीटीसी का प्रशिक्षण हासिल कर रहा था। दूसरे आरोपी श्याम कौशल उर्फ कल्लू की पत्नी खंडासा थाने के अमानीगंज क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य है।
शिकायत नगर कोतवाली पुलिस को दी गई है। रविवार को नगर कोतवाल एके राय ने बताया कि युवती के चाचा की शिकायत पर तीन के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना कराई जा रही है।