पटरंगा थाना क्षेत्र के रानीमऊ चौराहा पर स्थित रसूलपुर रोड पर सोमवार रात चोरों ने कपड़े की एक दुकान में नकब लगाकर नकदी समेत एक लाख से अधिक का माल पार कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
अशरफपुर गंगरेला गांव निवासी मो. अहमद की रसूलपुर रोड पर कपड़े की दुकान है। पीड़ित ने तहरीर में बताया है कि रोज की भांति वह सोमवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोला तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। जीने का दरवाजा बंद था लेकिन दीवार में नकब लगी हुई थी।
पीड़ित ने बताया कि दुकान में सर्दी के तमाम कपड़े समेत गल्ले में रखा 1500 रुपये नकद चोर चुरा ले गए। चोरी गए कपड़ों की कीमत एक लाख से अधिक है। खास बात यह है कि इसी रोड पर छह माह में यह चौथी चोरी है।
सोमवार रात घटनास्थल से महज चंद कदमों की दूरी पर माता रानी का दरबार सजा था, जहां पुलिस ड्यूटी पर मौजूद थी लेकिन चोर अपना काम कर चलते बने और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। थाना प्रभारी लालता प्रसाद साहू ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।