शहर निवासी एक पुस्तक व्यवसायी को मोबाइल पर धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में चौक में किताब की दुकान चलाने वाले महेशचंद्र अग्रवाल निवासी अंगूरीबाग कॉलोनी का कहना है कि बुधवार को उनके मोबाइल पर एक फोन आया।
फोन करने वाले ने बताया कि वह वाराणसी जेल से बोल रहा है। तुमने बहुत पैसा कमा लिया है। हिस्सा न दिया तो जान से मार दिया जाएगा। पुस्तक व्यवसायी का कहना है कि फोन करने वाले ने कोई रकम नहीं बताई।
नगर कोतवाल ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत के आधार पर मोबाइल नंबर के मालिक के खिलाफ गुंडा टैक्स वसूली व मोबाइल पर धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोबाइल की कॉल डिटेल हासिल की जा रही है।