शारदा सहायक नहर में शनिवार को एक युवक का शव पाया गया है। चर्चा दो शवों की थी लेकिन पड़ताल में मौके से युवक के शव के साथ दो जानवरों के शव भी बरामद हुए। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के डाभासेमर गांव के लोग सुबह नित्यक्रिया के लिए नहर की ओर गये तो उनमें से किसी को इलाहाबाद हाईवे पर नहर पुलिया के नीचे शव फंसे हुए दिखाई पड़े। मामले में दो शव फंसे होने की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फंसे शवों को बाहर निकलवाया तो पता चला कि एक शव किसी युवक (40) का है। जबकि बाकी के दो शव जानवरों के हैं। मृतक के शरीर पर लाल रंग की बनियान तथा ग्रे कलर का हाफ लोवर था।
स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन पहचान न हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं दूर से बहकर आया और पुलिया के नीचे फंस गया। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास जारी है।