फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर मंगलवार को तमसा नदी के पुल पर दुर्घटना के बाद अस्पताल में मौजूद लोग व पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर मंगलवार को तमसा नदी के पुल पर सुबह तकरीबन नौ बजे तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। अनियंत्रित ऑटो ने टक्कर मारने के बाद बाइक से गिरे भाई को रौंद दिया।
घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल बहन को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतक ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन बाइक से गिरते ही उसका हेलमेट टूट गया था।
सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र स्थित सतरही मजरे देहली बाजार निवासी पवन कुमार यादव (35) वर्ष पुत्र रामखेलावन मंगलवार सुबह तकरीबन नौ बजे अपनी बहन पुष्पा यादव (18) को बाइक से लेकर इलाज के लिए फैजाबाद जिला अस्पताल जा रहा था।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर तिराहे के पास तमसा नदी के पुल पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार भाई-बहन वहीं गिर गए और युवक को ऑटो ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल बहन को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में मौजूद डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पुष्पा का इलाज किया जा रहा है। मृतक के पिता राम खेलावन की तहरीर पर बीकापुर कोतवाली में अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आटो समेत भागे चालक की तलाश करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन गिरते ही उसका हेलमेट टूट गया।