हैदरगंज थाना क्षेत्र के पाराराम गांव निवासी एक युवती ने बुधवार को गांव के एक युवक की धमकी से क्षुब्ध होकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह झुलस चुकी युवती को सीएचसी भेजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पाराराम गांव निवासी इसराइल की पुत्री रानी (20) बुधवार को अपने घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता किसी कार्य से पड़ोसी जिले सुल्तानपुर गए थे।
दोपहर में घर से चीखने की आवाज आने लगी। स्थानीय लोगों ने देखा तो रानी आग से बुरी तरह झुलसी हुई घर में पड़ी थी। सूचना पर एसआई को झुलसी युवती ने बताया कि गांव का एक युवक उसे लगातार धमकी दे रहा था।
जिससे क्षुब्ध होकर उसने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। एसआई ने झुलसी युवती को तारुन सीएचसी भेजवाया।
जहां से जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वही एसआई रमाकांत तिवारी ने सिर्फ इतना कहा कि जांच की जा रही है।