चोरी की बाइक समेत दो गिरफ्तार
फैजाबाद। एसपी सिटी के निर्देश पर शहर में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो बाइक भी बरामद की है। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि मंगलवार शाम थाना कैंट प्रभारी राजेश कुमार सिंह, एसआई अवनीश चौहान अपनी टीम के साथ गद्दौपुर पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दो बाइक पर सवार मोहित त्रिपाठी निवासी देवई ड्योढ़ी बाजार थाना रौनाही व आलोक पाठक निवासी पाठक का पुरवा थाना रौनाही को रोका गया। वाहन के कागजात मांगने पर वो सही जवाब नहीं दे सके। शक होने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में पूछताछ में आरोपियों ने दोनों गाड़ियों को चोरी की बताया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।