सुचितागंज। रौनाही थाना क्षेत्र के चिर्रा जगनपुर के पास हाईवे पार कर रही वृद्धा एक वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
बुधवार तड़के करीब पांच बजे फिरोजपुर उपरहर निवासी धन्ना (65) पत्नी खुन्नुलाल घर से नित्यकर्म के लिए हाईवे पार कर रही थी। इस दौरान अचानक उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे धन्ना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उस वक्त अंधेरा था, इससे घटना की जानकारी लोगों को पौ फटने पर हुई। रौनाही थाना प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।